लोकतंत्र की हत्या का हिसाब लेने आ गया है देशभक्तों का सैलाब: विवेक बंसल

Aligarh Media Desk

 


अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़/दिल्ली|निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का आंदोलन तेज हो गया है। इसी क्रम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सोमवार को दिल्ली में बाराखंभा से सुप्रीम कोर्ट तक ‘चलो दिल्ली–लोकतंत्र बचाओ मार्च’ निकाला गया। इस मार्च में अलीगढ़ से पूर्व विधायक विवेक बंसल के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेसजन शामिल हुए और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के संकल्प को दोहराया।


कांग्रेस एवं INDIA गठबंधन के सहयोगी विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने मार्च में भाग लेकर चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। आंदोलन में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और विपक्षी दलों के कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे।


मार्च के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग और वोट चोरी के आरोपों को लेकर चल रहा आंदोलन पिछले चार-पांच दिनों में दिल्ली में जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 से 13 वर्षों से विरोध प्रदर्शन होते रहे हैं, लेकिन अब यह आंदोलन ठोस रूप ले रहा है। उन्होंने दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों को लेकर लगाई गई पाबंदियों पर भी सवाल उठाए।

लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा: विवेक बंसल

इस अवसर पर पूर्व विधायक विवेक बंसल ने कहा, “लोकतंत्र की हत्या का हिसाब लेने आ गया है देशभक्तों का सैलाब।” उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था और जनता के मताधिकार की सुरक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ संघर्ष कर रही है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला गया यह मार्च लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है।


विवेक बंसल ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की मजबूती निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था पर निर्भर करती है। चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान पारदर्शिता और जवाबदेही के माध्यम से होना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास कायम रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।


वरिष्ठ नेताओं के साथ अलीगढ़ के कांग्रेसजनों ने लिया हिस्सा


मार्च में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, एआईसीसी उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, राष्ट्रीय सचिव एवं सह प्रभारी कुनाल चौधरी तथा पूर्व विधायक प्रदीप माथुर सहित कई वरिष्ठ नेताओं के साथ अलीगढ़ के कांग्रेसजनों ने सहभागिता की।


इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष नवेद खान, चौधरी गंगाराम, युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष कुंवर कृष्ण प्रताप सिंह, चौधरी जयपाल सिंह, कैलाश वाल्मीकि, डूंगर सिंह, मोहम्मद जियाउद्दीन राही, डॉ. शेरपाल सिंह सविता, सरदार अजीत सिंह, वंदना चौधरी, साबिर अहमद, शाहिद खान, चौधरी वीरेंद्र सिंह, भूपेंद्र प्रताप सिंह, लेखराज सिंह एडवोकेट, रवि बघेल, राजकुमार वाल्मीकि, अयाज कुरैशी, नादिर खान, खालिद हाशमी, संजय माथुर, मुकीम पठान, मोहम्मद इमरान, पिंकू बघेल, जतन अग्रवाल और हिमांशु अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।