अलीगढ मीडिया डिजिटल, नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन से राज्यपालों की नियुक्ति को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है। जारी जानकारी के अनुसार, इन नियुक्तियों के तहत कई राज्यों के राज्यपालों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि कुछ राज्यों में नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जानकारी के मुताबिक, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु का राज्यपाल बनाया गया है।
इसके अलावा ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक की राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल बनाया गया है।
नई नियुक्तियां संबंधित राज्यपालों द्वारा अपने-अपने पद का कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी। राज्यपालों के इस बदलाव को कई राज्यों में राजभवन स्तर पर महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

