पाइपलाइन के लिए खोदी गलियों से पहलवान कॉलोनी में लगा जाम, घंटों परेशान रहे लोग

Chanchal Varma

 


अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। नगर निगम के किशनपुर क्षेत्र स्थित पहलवान कॉलोनी में पाइपलाइन डालने का काम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। पाइपलाइन बिछाने के लिए गलियों की खुदाई किए जाने से शनिवार देर शाम रास्तों पर यातायात बाधित हो गया। देखते ही देखते गलियों में वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पाइपलाइन डालने का काम देर रात तक जारी रहा। शाम करीब नौ बजे अपने घर लौट रहे कई टेंपो चालकों को भी जाम में फंसना पड़ा। उन्हें आधे घंटे से अधिक समय तक रास्ता खुलने का इंतजार करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक भी कई टेंपो चालक जाम खुलने का इंतजार कर रहे थे।

बताया गया कि पहलवान कॉलोनी की गलियों से होकर जाने वाला रास्ता रमेश विहार की ओर निकलता है। इस मार्ग से ऑटो रिक्शा, मोटरसाइकिल और स्कूल वाहनों का नियमित आवागमन होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब तीन घंटे से मार्ग पर आवागमन प्रभावित है, जिससे रोजमर्रा के काम से निकलने वाले लोगों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।


स्थानीय निवासी सुभाष ने बताया कि नगर निगम की ओर से पाइपलाइन डालने के लिए कॉलोनी की कई गलियां खोद दी गई हैं। जगह-जगह खुदाई होने के कारण वाहनों के निकलने की जगह कम हो गई है और जाम की स्थिति बन रही है। लोगों ने मांग की कि पाइपलाइन का काम जल्द पूरा कर खोदी गई गलियों को व्यवस्थित किया जाए, ताकि आवागमन सामान्य हो सके।