PET_Examination 2026: 39 परीक्षा केंद्रों पर 1.14 लाख से अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत

प्रवीन कुमार, ब्यूरो चीफ अलीगढ़


*परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

*जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने दिए सख्त निर्देश, प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर, स्टेटिक एवं जोनल मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात*

*25, 30 अक्टूबर एवं 1 नवंबर को दो-दो पालियों में होगी परीक्षा*


अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परीक्षा की पवित्रता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


एडीएम सिटी संगीता देवी ने बैठक का संचालन करते हुए बताया कि जिले में 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर एवं 01 नवंबर 2026 को कुल छह पालियों में महानगर के 39 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रत्येक दिवस दो पालियों में परीक्षा होगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा में कुल 1,14,624 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।


जिला मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट अपने दायित्वों का पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। अधिकारी परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं पर कड़ी निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की समस्या या अनियमितता सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश, अभ्यर्थियों की पहचान, परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं और अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं का नियमानुसार अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा की गोपनीयता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग, नकल कराने अथवा व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने के किसी भी प्रयास पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही, अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित व्यवस्थाओं को सुचारु रखते हुए परीक्षा को व्यवस्थित एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जाए।


*ये होंगे परीक्षा केंद्र :

महानगर एवं जिले में निर्धारित परीक्षा केंद्रों में अल बरकात पब्लिक स्कूल, आयशा तारीन मॉडर्न पब्लिक स्कूल, ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, चंपा अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज, चिरंजीलाल बालिका इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, धर्म समाज महाविद्यालय, धर्म समाज बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, धर्म समाज इंटर कॉलेज, गगन पब्लिक स्कूल सिंघल धर्म कांटा, गगन पब्लिक स्कूल खैर बाईपास रोड, गोपी राम पालीवाल इंटर कॉलेज, राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज, हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज, हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल, जनता इंटर कॉलेज छेरत, के एंड एसआरएमबी इंटर कॉलेज, लगसमा इंटर कॉलेज, महर्षि विद्या मंदिर निकट समृद्धि टाउनशिप, नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज, नवाब सिंह चौहान ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज, नीहारमीरा नेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रेडिएंट स्टार्स इंग्लिश स्कूल, रघुवीर बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रघुवीर सहाय इंटर कॉलेज, रतन प्रेम डीएवी बालिका इंटर कॉलेज, एसएमबी इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शांतिनिकेतन वर्ल्ड स्कूल, श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय, श्री लक्ष्मी राज इंटर कॉलेज गभाना, महेश्वर गर्ल्स इंटर कॉलेज, श्री शिवदान सिंह इंटर कॉलेज, श्री उदय सिंह जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज, श्री टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज, श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय, स्वामी कृष्णानंद इंटर कॉलेज, थ्री डॉट सेवा मार्ग पब्लिक स्कूल और विश्व भारती पब्लिक स्कूल शामिल हैं।


जिला प्रशासन ने परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करें, ताकि परीक्षा की शुचिता बनाए रखते हुए इसे निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जा सके। बैठक में पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अन्य जिलास्तरीय और परीक्षा से जुड़े अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

-

Tags