ओएलएफ स्कूल और संत फिदेलिस स्कूल में में लगा कैंप, बीएलओ ने मौके पर ही दूर कीं मतदाता सूची की समस्याए

Aligarh Media Desk

 


संत फिदेलिस स्कूल में लगा मतदाता सूची पुनरीक्षण कैंप, नामों की जांच कराने पहुंचे सैकड़ों लोग

मतदाता सूची में नाम न होने की शिकायतें आईं सामने, बीएलओ ने किया सूची का मिलान

अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। नगर निगम के किशनपुर वार्ड के अंतर्गत एडीए कॉलोनी फेज वन स्थित संत फिदेलिस स्कूल में शनिवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में सैकड़ों की संख्या में मतदाता पहुंचे और मतदाता सूची में अपने नाम का मिलान कराया। इस दौरान मतदाताओं ने सूची में नाम शामिल होने और कटने की आशंका को लेकर जानकारी प्राप्त की।


कैंप में बीएलओ रेखा सिंह परिहार, प्रीति सिंह, रीता सोलंकी, नायला परवीन, प्रशांत तिवारी, भगवान सिंह, सतवीर सिंह और अजय पाल सिंह सहित अन्य बीएलओ ने मतदाता सूची का निरीक्षण किया तथा मतदाताओं के नामों का मिलान कराया। सुबह के समय कैंप में लोगों की भीड़ कम रही, लेकिन दोपहर करीब दो बजे तक मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ जुट गई।

कैंप में सबसे अधिक शिकायतें मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं होने को लेकर सामने आईं। वहीं, कई लोग केवल यह सुनिश्चित करने पहुंचे कि उनका नाम सूची में मौजूद है या नहीं। मतदाताओं में इस बात को लेकर भी भ्रम था कि कहीं पुनरीक्षण के दौरान उनका नाम सूची से काट तो नहीं दिया गया।

एक मतदाता ने बताया कि उनकी बहन का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं था। उनके अनुसार, इलाके में बीएलओ के घर नहीं पहुंचने के कारण नाम जुड़वाने में परेशानी हो रही थी। अब कैंप में पहुंचकर वह अपनी बहन का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कैंप लोगों के लिए काफी फायदेमंद है। घर-घर जाकर चलाए जाने वाले अभियान में यदि किसी स्तर पर लापरवाही रह जाती है, तो ऐसे कैंप के माध्यम से लोग अपनी समस्याएं सामने रखकर उनका समाधान कराने की पहल कर सकते हैं।


किशनपुर वार्ड में मतदाता पुनरीक्षण अभियान, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ 

मतदाताओं की सहूलियत के लिए शनिवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत किशनपुर वार्ड स्थित ओएलएफ स्कूल में विशेष कैंप लगाया गया। सरकार के निर्देश पर आयोजित इस कैंप में सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे। यहां एक दर्जन से अधिक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं को सुना और उनके समाधान की प्रक्रिया पूरी की।

कैंप में पहुंचे लोगों ने मतदाता सूची में नाम दर्ज न होने, नाम में गलती होने सहित अन्य समस्याएं बताईं। बीएलओ ने अपने मोबाइल ऐप की मदद से मौके पर ही समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई की, जिससे लोगों को काफी सहूलियत मिली।


बीएलओ शालिनी गुप्ता ने बताया कि ओएलएफ स्कूल में बूथ संख्या 276 से 287 तक के मतदाताओं की सूची से संबंधित कार्य किया गया। इसमें सदाबदी नगर, एडीए, किशनपुर सहित आसपास की कॉलोनियों के मतदाता शामिल रहे। कैंप में लोगों की समस्याओं को सुनकर मतदाता सूची में जरूरी सुधार की प्रक्रिया की गई।

उन्होंने बताया कि कैंप शाम तीन बजे तक संचालित किया जाना था, ताकि अधिक से अधिक मतदाता पहुंचकर अपनी सूची की जांच करा सकें और नाम या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर उसे ठीक कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकें। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को दुरुस्त करने के साथ ही पात्र मतदाताओं को मतदान संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।