अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। जवां थाना पुलिस ने हिंद एग्रो फैक्ट्री से मोटर चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक मोटर बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान पुत्र नबीहसन और साहिल पुत्र मल्लू खां निवासी वहीद नगर, एक मीनार मस्जिद के पास, थाना क्वार्सी, अलीगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को हिंद एग्रो फैक्ट्री से मोटर चोरी होने के संबंध में मुकदमा संख्या 401/26 धारा 305 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान जवां थाना पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को थाना क्षेत्र जवां से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की एक मोटर बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सलमान के खिलाफ क्वार्सी थाने में वर्ष 2025 में भी एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रेखा गोस्वामी, उपनिरीक्षक जितेंद्र पाराशर, उपनिरीक्षक मनीष सिंह, कांस्टेबल रंजीत कुमार और कांस्टेबल आकाश कुमार शामिल रहे।

