अलीगढ़ के 17 स्थानों पर आयोजित हुए विशेष मेहंदी स्टॉल, महिलाओं एवं युवतियों ने उत्साह के साथ लिया भाग

प्रवीन कुमार, ब्यूरो चीफ अलीगढ़

 


अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। रोजगार भारती हरिगढ़ विभाग द्वारा आयोजित विशेष मेहंदी स्टॉल अभियान के द्वितीय दिवस पर अलीगढ़ महानगर के 17 विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। विभिन्न केंद्रों पर महिलाओं एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को मेहंदी की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित मेहंदी स्टॉल पर महिलाओं एवं युवतियों की अच्छी सहभागिता देखने को मिली।


 आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया, जिससे सभी केंद्रों पर कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके। रोजगार भारती के विभाग संयोजक गौरव हरकुट ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं युवतियों को एक साथ जोड़ने और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी केंद्रों पर मिल रहे उत्साह से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। सह विभाग संयोजक रवेन्द्र चौधरी ने कहा कि रोजगार भारती का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संपर्क, सहयोग और सहभागिता को बढ़ावा देना है। इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

महिला संयोजिका रुचि गोटेवाल ने कहा कि मेहंदी भारतीय संस्कृति और महिलाओं की खुशियों से जुड़ी एक सुंदर परंपरा है। इस अभियान में महिलाओं एवं युवतियों की भागीदारी उत्साहजनक है और इससे आपसी मेलजोल को बढ़ावा मिल रहा है। रोजगार भारती के मीडिया प्रमुख विशाल देशभक्त ने कहा कि अलीगढ़ महानगर के 17 स्थानों पर अभियान का सफल संचालन सामूहिक प्रयास और कार्यकर्ताओं के सहयोग का परिणाम है। 

इस पहल को समाज तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ने के लिए मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि अभियान के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने, महिलाओं के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने तथा समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है। द्वितीय दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।