करीब 4 हजार खाताधारकों की सुविधा पर संकट, बुजुर्गों, महिलाओं और पेंशनधारकों को परेशानी की चिंता
अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की केला नगर शाखा को बंद कर रामघाट रोड स्थित स्टेडियम के सामने वाली शाखा में विलय किए जाने की चर्चा से खाताधारकों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस शाखा से करीब चार हजार खाताधारक जुड़े हैं। इनमें बुजुर्गों, महिलाओं, पेंशनधारकों और व्यापारियों की बड़ी संख्या है। शाखा बंद होने की आशंका के विरोध में सोमवार को दोपहर 12 बजे खाताधारकों ने शाखा प्रबंधक नीति को ज्ञापन सौंपकर बैंक को यथास्थान संचालित रखने की मांग की।
कई कॉलोनियों के लोगों को मिल रही है सुविधा
केला नगर स्थित एसबीआई शाखा से केला नगर, एकता नगर, विक्रम कॉलोनी, बेगपुर, जीवनगढ़, जोहरा बाग, दोदपुर और मैरिस रोड समेत आसपास के क्षेत्रों के लोग जुड़े हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, लंबे समय से संचालित इस शाखा के कारण उन्हें घर के नजदीक बैंकिंग सुविधाएं मिल रही हैं। यदि शाखा का विलय दूसरी जगह कर दिया गया तो खाताधारकों को नकदी जमा करने, निकासी, पेंशन संबंधी कार्यों और अन्य बैंकिंग सेवाओं के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।
बुजुर्गों और महिलाओं को होगी अधिक परेशानी
खाताधारक हिमांशु गुप्ता ने कहा कि केला नगर एसबीआई शाखा लंबे समय से संचालित है और आसपास के क्षेत्रों के करीब चार हजार खाताधारक इससे जुड़े हैं। इनमें बुजुर्ग, महिलाएं और पेंशनधारक भी शामिल हैं। कई लोग डिजिटल बैंकिंग का इस्तेमाल नहीं कर पाते और उन्हें बैंक आकर ही अपने काम कराने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि यदि शाखा बंद हुई तो इन लोगों को काफी परेशानी होगी। बैंक प्रबंधन को शाखा यहीं संचालित रखनी चाहिए।
विक्रम कॉलोनी निवासी डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि उनका लंबे समय से एसबीआई की केला नगर शाखा में खाता है। शाखा बंद होने की चर्चा से वह चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बैंकिंग की सुविधाएं जरूर बढ़ी हैं, लेकिन बुजुर्ग और कम पढ़े-लिखे लोग अभी भी बैंक जाकर ही अपने काम कराते हैं। शाखा दूसरी जगह चली गई तो लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। बैंक प्रबंधन को स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे यहीं संचालित रखना चाहिए।
एकता नगर निवासी रीना राघव ने कहा कि केला नगर एसबीआई शाखा आसपास के लोगों के लिए काफी सुविधाजनक है। खासकर महिलाओं और बुजुर्ग पेंशनधारकों को बैंक के काम के लिए दूर जाना मुश्किल होगा। यदि शाखा दूसरी जगह स्थानांतरित की जाती है तो उन्हें आने-जाने में परेशानी होगी। उन्होंने खाताधारकों की सुविधा को देखते हुए शाखा को बंद नहीं करने की मांग की।
वहीं, खाताधारक सोनपरी ने कहा कि केला नगर शाखा में बैंकिंग कार्य कराने के लिए आने-जाने में सुविधा रहती है। यदि बैंक दूसरी जगह चला गया तो नियमित रूप से बैंक पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। खासकर उन लोगों को ज्यादा परेशानी होगी, जिन्हें अपने बैंकिंग कार्यों के लिए खुद बैंक आना पड़ता है। उन्होंने बैंक प्रबंधन से शाखा को यहीं चालू रखने की मांग की।
क्षेत्रीय प्रबंधक को भेजा जाएगा ज्ञापन
शाखा प्रबंधक नीति ने कहा कि शाखा को बंद करने या दूसरी शाखा में विलय करने का निर्णय उनके स्तर पर नहीं लिया जाता। खाताधारकों से प्राप्त ज्ञापन क्षेत्रीय प्रबंधक को भेज दिया जाएगा। अब खाताधारकों को बैंक के उच्च अधिकारियों के निर्णय का इंतजार है। उनकी मांग है कि स्थानीय लोगों की जरूरतों और बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केला नगर शाखा को यथास्थान संचालित रखा जाए।

