विधान परिषद चुनाव: बूथ संख्या 108 पर 1,350 से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

Chanchal Varma

रामघाट रोड का सेंट फिदेलिस स्कूल में बनाया गया बूथ, वहीं जिला कृषि अधिकारी, बेगपुर मे बनाया गया बूथ 

अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। किशनपुर वार्ड क्षेत्र में विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रामघाट रोड स्थित सेंट फिदेलिस स्कूल को मतदान केंद्र बनाया गया है, जहां बूथ संख्या 108 पर गुरुवार सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी। मतदान को लेकर पोलिंग बूथ पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बूथ के पीठासीन अधिकारी मोहम्मद हाफिज ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए पांच कर्मचारी-अधिकारी तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस मतदान केंद्र पर 1,350 से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं और बूथ पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।

मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मतदान केंद्र के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में अनधिकृत आवाजाही पर रोक रहेगी।


निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान बिना वैध अनुमति पत्र के किसी भी व्यक्ति को मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन और पुलिस की ओर से मतदाताओं से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करने तथा निर्वाचन संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

विधान परिषद चुनाव: बेगपुर में बूथ नंबर 109 पर तैयारियां पूरी

622 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, मतदान कर्मियों ने संभाली जिम्मेदारी

अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। विधान परिषद चुनाव को लेकर मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बेगपुर स्थित जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के भवन में बूथ नंबर 109 बनाया गया है। मतदान से एक दिन पहले गुरुवार शाम करीब 5 बजे पीठासीन अधिकारी समेत सभी मतदान कर्मी बूथ पर पहुंच गए और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मतदान केंद्र पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


बूथ के पीठासीन अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि बूथ नंबर 109 पर कुल 622 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए मतदान कर्मियों की टीम तैनात की गई है, जिसमें वरुण, गोविंद सैनी और श्रीनिवास सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं।


पीठासीन अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल और बैठने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि मतदान के दौरान किसी को परेशानी न हो।


उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे मतदान केंद्र पर आते समय अपना वैध परिचय पत्र साथ लेकर आएं और शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करें। मतदान को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।