हरदुआगंज की तालानगरी में आज होगा रावण दहन, शाम छह बजे उमड़ेगी भीड़

प्रवीन कुमार, ब्यूरो चीफ अलीगढ़

 

रॉयल होम्स कमेटी कराती है रावण मेले का आयोजन, दुकानदारों से मिलने वाली राशि से होता है दहन का खर्च

अलीगढ़। हरदुआगंज की तालानगरी स्थित मैदान में मंगलवार को रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शाम करीब छह बजे होने वाले रावण दहन को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इस दौरान मैदान में रावण मेले का भी आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई जाती हैं।

तालानगरी मैदान में रॉयल होम्स कमेटी की ओर से रावण मेले का आयोजन कराया जाता है। मेले में दुकानदार अपनी दुकानें लगाते हैं। बताया जाता है कि कमेटी की ओर से दुकानदारों से दुकान लगाने के बदले शुल्क लिया जाता है। इसी राशि से मेले के आयोजन और रावण दहन पर होने वाले खर्च की व्यवस्था की जाती है।

वहीं, नगर पंचायत हरदुआगंज की ओर से मेले के दौरान आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों को भी मैदान में लगाया जाता है, ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

रावण दहन को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह रहता है। शाम को कार्यक्रम के दौरान मैदान में लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है। मेले में खरीदारी और घूमने के लिए भी आसपास के क्षेत्रों से लोग पहुंचते हैं।