सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश-निकास और सीसीटीवी की लाइव मॉनिटरिंग का लिया जायजा
अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़, 25 अक्टूबर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रविवार को अलीगढ़ के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज, टीकाराम कन्या महाविद्यालय एवं इंटर कॉलेज तथा हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था को भी परखा।
पारदर्शी परीक्षा कराने के दिए निर्देश
डीएम और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और अपनी ड्यूटी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रशासन और पुलिस की ओर से परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर निगरानी रखी गई, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा देने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।


