जनता से वित्तपोषित, UPI, PhonePe, और PayTM: 9219129243

13 वर्षीय छात्रा वर्षा बसंल द्वारा भारत की प्रेरणादायक महिलाओं पर लिखीं गयी काव्य रचना का विमोचन

0





अलीगढ मीडिया डॉट कॉम, अतरौली/अलीगढ़ 07 मई 2022 (सू0वि0) |प्रदेश के मा0 बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संदीप सिंह द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र के तहसील अतरौली के एनैक्सी परिसर में आयोजित प्रदेश सरकार के पुनर्गठन के पश्चात प्रथम बार सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों एवं जनसामान्य की शिकायतों को सुनकर उनका निस्तारण कराया गया। मा0 मंत्री ने शिकायतकर्ताओं को आश्वस्त किया कि स्थानीय अधिकारियों के साथ ही जिलास्तरीय अधिकारियों माध्यम से आपकी समस्याओं को दूर कराया जाएगा। उन्होंने सम्पूर्ण समाधान दिवस को सम्बोधित करते हुए कहा कि मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ‘सरकार जनता के द्वार’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के साथ ही माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को रोस्टर के अनुसार मा0 जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन कर जनसमस्याओं को निस्तारित किया जाता है। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 132 शिकायतें पटल पर प्राप्त हुईं जिनका गुणवत्तापरक निस्तारण करने के लिये सम्बन्धित अधिकारियों को संदर्भित किया गया।


                मा0 मंत्री श्री संदीप सिंह ने कहा कि शिकायत निस्तारण मा0 मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता में शामिल है। किसी भी प्रकार से प्राप्त शिकायतों को लम्बित न रखते हुए उनका निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापरक निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित व्यक्ति की समस्या का समय से निस्तारण न होना एक तरह से उसके साथ अन्याय ही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का उभयपक्षों को संतुष्ट करते हुए समाधान किया जाए। राजस्व एवं भूमि से सम्बन्धित मामलों का मौका मुआयन करने के पश्चात ही अपनी रिपोर्ट फाइल करें।


                सम्पूर्ण समाधान दिवस में मढ़ौली निवासी हरप्रसाद ने पड़ौसी काश्तकार की दबंगई व राजस्व विभाग की कार्यशैली से परेशान होकर ऐच्छिक मृत्यु की मांग की। उन्होंने अवगत कराया कि पड़ौसी काश्तकार उनको भूमि पर निर्माण कार्य करने से रोकते हैं जिसकी शिकायत मण्डलायुक्त समेत पूर्व में आयोजित तहसील एवं थाना समाधान दिवसों में की गयी है, परन्तु अभी तक अपेक्षित विभागीय सहयोग प्राप्त नहीं हुआ है। जिस पर एसडीएम अतरौली को त्वरित जांच कराते हुए कार्यवाही के निर्देश दिये। अलीगढ़-रामघाट प्राइवेट बस यूनियन अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह द्वारा मा0 उच्च न्यायालय के आदेशों के उल्ल्घंन के सम्बन्ध में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि मार्ग पर अवैध रूप से टैम्पो, मैजिक व मैक्स वाहनों का संचालन किया जा रहा है। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सीओ अतरौली को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। इसी प्रकार गॉवखेड़ा निवासी कलावती देवी ने खतौनी में नाम दर्ज कराने, पुरैनी के प्रेमत्रन्द एवं नगला हिमाचल के रामचन्द्र द्वारा खेत की पैमाइश कराकर रकबा पूरा कराने, ग्राम विधीपुर के चेतराम सिंह ने चकरोड एवं सरकारी नाली के तोड़ने के सम्बन्ध में अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जिसके क्रम में जिलाधिकारी द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को मौका मुआयना कर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये गये।


 


किताब का किया विमोचन:

मा0 मंत्री श्री संदीप सिंह एवं जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ नगर के खत्रीपाड़ा निवासी के0एम0वी0 इंटर कॉलेज में अध्ययनरत कक्षा 9 की 13 वर्षीय छात्रा वर्षा बसंल द्वारा भारत की प्रेरणादायक महिलाओं पर लिखीं गयी काव्य रचना का विमोचन किया गया।


 

गौशाला के दानवीरों को दिया प्रशस्ति पत्र:    

 मा0 मंत्री द्वारा प्रदेश के यशश्वी मुख्यमंत्री जी के नेृतत्व में चल रहे वृहद गौसंरक्षण अभियान में भूसा दान देकर सहयोग करने वाले दानवीरों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने अपील की कि गौसंरक्षण एवं भरण-पोषण के पुनीत कार्य में भागीदार बनते हुए अधिक से अधिक भूसा-चारे एवं अन्य प्रकार से दान करें। ग्राम प्रधान बरौली मनोज कुमार द्वारा 50 कुन्तल, प्रधान छर्रा रफायतपुर बेबी रानी द्वारा 300 कुन्तल, ग्राम सचिव उदयवीर सिंह द्वारा 20 कुन्तल, नगला बादशाह के असरफी लाल द्वारा 30 कुन्तल, किरतौली की रेनू शर्मा द्वारा 50 कुन्तल, सत्यवीर सिंह द्वारा 40 कुन्तल समेत कुल 31 दानवीरों ने गौशालाओं के लिये भूसा दान किया। मौके पर प्रतीक स्वरूप 07 दानदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये।


 


अन्य योजनाओं से भी हुए लाभान्वित:

 श्रम विभाग: सम्पूर्ण समाधान दिवस में श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं में मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के अन्तर्गत निर्माण श्रमिक श्रीमती कमलेश देवी को 52274, जितेन्द्र कुमार को 31000, पदम सिंह को 26000, भावना देवी को 20000, सुनीता देवी को 48234 एवं रतनलाल को 25 हजार रूपये, शादी अनुदान योजना में नन्नू सिंह, रमेश चन्द्र, रेशमपाल एवं गौरीशंकर को 55-55 हजार रूपये जबकि अन्त्येष्टि सहायता योजना में पाना देवी व राम सिम्मति देवी को 25-25 हजार रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गयी।


                कृषि विभाग: मा0 मंत्री जी द्वारा सूरतगढ़ के भू-समृद्धि कृषक उत्पादन संगठन के निदेशक अजय पाल सिंह को फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत 12 लाख रूपये अनुदान राशि स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही दो किसान जय सिंह एवं किशन लाल को क्रमशः 2 लाख एवं 1.50 लाख रूपये के किसान क्रेडिट कार्ड स्वीकृति प्रमाण पत्र भी प्रदान किये गये।


                वृद्धावस्था पेंशन: सोनपान, गुमानी सिंह, डोरी लाल, ठकुरी सिंह एवं तालेवर सिंह को वृद्धावस्था पेंशन के स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये।


                शौचालय निर्माण: स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत ग्राम बहराबद के बनी सिंह, गॉवखेड़ा निवासी कुसमा देवी एवं दलवीर सिंह को शौचालय निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रूप में 6-6 हजार रूपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये। राशन वितरण: खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा प्रतीक स्वरूप 05 लाभार्थियों- पिंकी देवी, रामा देवी, चन्द्रवती देवी, राजेश देवी एवं शंकरलाल को मा0 मंत्री जी के माध्यम से राशन वितरण कराया गया।


                 सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. एसएसपी कलानिधि नैथानी, सीडीओ अंकित कुमार खण्डेलवाल, एसडीएम अतरौली रवि शंकर सिंह, सीओ अतरौली शिव प्रताप सिंह, जिला विकास अधिकारी भरत कुमार मिश्र, पीडी डीआरडीए भाल चन्द्र त्रिपाठी एवं जिलास्तरीय अधिकारी समेत जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण राज सिंह, ब्लॉक प्रमुख केहरी सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष पवन वर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।


--------

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)