जनता से वित्तपोषित, UPI, PhonePe, और PayTM: 9219129243

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती मरीजों एवं तीमारदारों से सरकार द्वारा प्रदत्त की जा रही सुविधाओं का मंत्री जी ने लिया फीडबैक

0

 


*मा0 मंत्री ने अकराबाद में थाना एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण*

*मा0 मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश ने मजबूत कानून व्यवस्था की मिसाल पेश की*


अलीगढ़ मीडिया डॉट कॉम, अलीगढ़ 03 सितम्बर 2022(सू0वि0) प्रदेश के मा0 कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान थाना एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अकराबाद का निरीक्षण कर कानून व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। मा0 मंत्री जी ने कहा कि कानून व्यवस्था पर प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाते हुए कार्य कर रही है। विगत पांच वर्षों में सांप्रदायिक सौहार्द के लिये खतरा बने असामाजिक तत्वों के नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है। मा0 मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने मजबूत कानून व्यवस्था की मिसाल पेश की है। आबादी के लिहाज से देश का सबसे बड़ा राज्य होने के बावजूद विगत पांच वर्षों में सभी समुदाय के लोग आपस में मिल-जुलकर प्रेम और सौहार्द के साथ जीवन बसर ही नहीं कर रहे हैं अपितु एक भी सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ है। आज मा0 मुख्यमंत्री जी की सख्ती के चलते उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था के मामले में अन्य प्रदेशों के लिये नजीर बना हुआ है। 

मा0 मंत्री जी ने इस दौरान अपराध रजिस्टर की गहनता से जांच की। महिला उत्पीड़न एवं एक वर्ष से लम्बित मुकदमों की वर्तमान स्थिति भी जानी। थानाध्यक्ष राम वकील सिंह ने बताया कि क्षेत्र में दुर्घटना एवं मारपीट सम्बन्धी मामले ज्यादा आते हैं। हांलाकि मध्यस्थता के बाद आसानी से सुलह-समझौता भी हो जाता है। मा0 विधायक छर्रा ठा0 रवेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि यह क्षेत्र अवैध शराब के लिए कभी बदनाम रहा है परन्तु वर्तमान में पुलिस की सख्ती के चलते पूरी तरह से अंकुश है। मा0 मंत्री जी ने सीओ शिव प्रताप सिंह को निर्देशित किया कि वह निरन्तर क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर थानों का औचक निरीक्षण करें। विवेचनाएं पूर्ण रूप से पारदर्शी एवं निष्पक्ष हों। थाने पर आए व्यक्तियों की व्यक्तियों की फरियाद गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनी जाए। निरीक्षण में थाने पर फरियादियों के बैठने एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था पाई गयी। 

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान मा0 मंत्री ने मरीजों एवं तीमारदारों से बात कर सरकार द्वारा प्रदत्त की जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। महिला मरीज वर्षा पत्नी सिद्धेश का स्वास्थ्य सम्बन्धी हालचाल जाना, औषधि स्टॉक रजिस्टर एवं दवा वितरण के बारे में जानकारी करते हुए दवाइयों की उपलब्धता चैक की। सीएमओ डॉ0 नीरज त्यागी ने बताया कि सीएचसी पर प्रतिदिन लगभग 500 मरीज चिकित्सकीय परामर्श के लिये आते हैं। केन्द्र पर प्रसव की समुचित व्यवस्था है। मौके पर 06 जच्चा-बच्चा भर्ती पाये गये, सभी का सामान्य तरीके से प्रसव होना बताया गया। इस दौरान मा0 मंत्री जी ने मरीजों को केला और सेब वितरित किये। क्षय रोग प्रभावित व्यक्तियों को पौष्टिक आहार किट भी प्रदान की गयीं। निरीक्षण के दौरान राज्य महिला आयोग सदस्य रामसखी कठेरिया, एमएलसी चौ0 ऋषिपाल सिंह, मा0 विधायक छर्रा ठा0 रवेन्द्र पाल सिंह, एसडीएम कोल संजीव ओझा, सीओ रंजन कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

----

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)