157 प्रधानाचार्य, 328 प्रवक्ता एवं 1214 सहायक अध्यापकों का अधियाचन शासन को भेजा गया
अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़| मंडल के एडेड माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य, प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापकों के लंबे समय से रिक्त पदों को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने निर्णायक और ठोस कदम उठाया है। संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा, अलीगढ़ मंडल डॉ. मनोज कुमार गिरी ने स्पष्ट किया है कि मंडल के सभी सृजित एवं रिक्त पदों का विस्तृत अधियाचन शासन को विधिवत प्रेषित कर दिया गया है, जिससे नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र गति दी जा सके।
डॉ. गिरि ने बताया कि अलीगढ़ मंडल के अंतर्गत आने वाले चारों जिलों अलीगढ़, एटा, हाथरस एवं कासगंज में संचालित 223 एडेड माध्यमिक विद्यालयों की वर्तमान शैक्षिक एवं प्रशासनिक स्थिति का जनपदवार, पदवार और विद्यालयवार विश्लेषण कर आख्या तैयार की गई है। इस आख्या में प्रधानाचार्य, प्रवक्ता और सहायक अध्यापकों के रिक्त पदों के साथ-साथ कार्यरत स्टाफ का स्पष्ट विवरण संलग्न किया गया है। उन्होंने बताया कि 157 प्रधानाचार्य, 328 प्रवक्ता एवं 1214 सहायक अध्यापकों का अधियाचन शासन को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि विभाग ने यह अधियाचन केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि विद्यालयों की आवश्यकता, छात्रसंख्या, विषयगत संतुलन और शैक्षणिक गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए भेजा है, ताकि शासन स्तर पर त्वरित एवं व्यावहारिक निर्णय लिया जा सके।
संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने यह भी स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं और नियुक्ति से संबंधित कार्रवाई अब शासन स्तर पर प्रक्रियाधीन है। शासन से स्वीकृति मिलते ही चयन एवं तैनाती की प्रक्रिया को तत्काल आगे बढ़ाया जाएगा। डॉ. गिरी ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल रिक्त पद भरना नहीं, बल्कि मंडल के विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को स्थायी, सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बनाना है। इसी दृष्टि से विषय को प्राथमिकता के साथ शासन के समक्ष रखा गया है।

