अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़|यशस्वी मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप नगर निगम अलीगढ़ द्वारा जनस्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला मलखान सिंह चिकित्सालय में वैक्सीनेशन सेंटर की स्थापना की दिशा में महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। गुरुवार को महापौर प्रशांत सिंघल, नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा सीएमओ डॉ नीरज त्यागी ने संयुक्त रूप से वैक्सीनेशन सेंटर हॉल के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि उक्त परियोजना के अंतर्गत लगभग 120 वर्गमीटर क्षेत्रफल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त वैक्सीनेशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य के लिए 15वें वित्त आयोग मद से ₹40.00 लाख की स्वीकृत धनराशि निर्धारित की गई है, जबकि निविदा के माध्यम से ₹39.40 लाख में कार्य आवंटित किया गया है। निर्माण कार्य को 60 दिनों की समयावधि में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे नागरिकों को शीघ्र ही इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित वैक्सीनेशन सेंटर में रिसेप्शन/रिकवरी/वेटिंग एरिया हॉल, स्टोर रूम एवं टीकाकरण कक्ष के साथ-साथ शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यह सेंटर न केवल टीकाकरण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करेगा, बल्कि मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान करेगा।
महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि यशस्वी माननीय प्रधानमंत्री जी और माननीय मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में नगर निगम शहरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। नगर निगम की यह पहल शहर की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को जल्द से जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में पार्षद योगेश सिंघल, अंशु अग्रवाल मनीष वूल सहायक अभियंता राजवीर सिंह स्टेनो देश दीपक, मीडिया सहायक अहसान रब, डॉ तरुण शर्मा अतुल राजा जी आदि मौजूद थे।

