अलीगढ़ में 7 से 21 मई तक होगी जनगणना-2027 की स्वगणना प्रक्रिया
अलीगढ़. मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनपदवासियों से भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित की जा रही स्वगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जनपद अलीगढ़ में यह सुविधा 07 मई से 21 मई तक उपलब्ध रहेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस अवधि में नागरिक स्वयं अपने परिवार एवं आवास से संबंधित जानकारी ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in पर दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होगी तथा नागरिकों को घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि स्वगणना के लिए नागरिकों को पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण करना होगा। इसके लिए परिवार के मुखिया का नाम एवं मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद ओटीपी सत्यापन किया जाएगा। इसके उपरांत नागरिक अपनी सुविधानुसार हिंदी, अंग्रेजी अथवा अन्य उपलब्ध भाषाओं का चयन कर पता संबंधी विवरण, परिवार के सदस्यों की जानकारी एवं अन्य आवश्यक विवरण दर्ज कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पूर्ण होने पर नागरिकों को एक विशिष्ट सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। जब जनगणना अधिकारी अथवा प्रगणक घर पर पहुंचे, तो नागरिक उक्त सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी उन्हें अवश्य उपलब्ध कराएं, जिससे दोबारा जानकारी देने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक को स्वगणना प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या आती है तो पोर्टल पर समाधान संबंधी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक सही, पूर्ण एवं प्रमाणिक जानकारी दर्ज करें, ताकि जनगणना के आंकड़े सटीक एवं विश्वसनीय बन सकें। उन्होंने कहा कि नागरिकों का सहयोग ही सफल जनगणना की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।

