अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ / अतरौली। अतरौली थाना क्षेत्र के छर्रा-अतरौली रोड पर आज कार और बाइक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दो महिलाओं समेत एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार बाइक सवार छर्रा की तरफ से अतरौली की ओर आ रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और कार दोनों क्षतिग्रस्त हो गईं और बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना पर अतरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि छर्रा-अतरौली रोड पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। तेज रफ्तार और संकरी सड़क हादसों की बड़ी वजह बन रही है।

