हरदुआगंज: पेट्रोल पंप पर कार मोड़ते ही बाइक सवार आए चपेट में, एक गंभीर

Chanchal Varma

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, हरदुआगंज। रामघाट रोड पर कलाई बंबे के पास पेट्रोल पंप के सामने रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल पंप की ओर कार मोड़ रहे एक युवक की कार की चपेट में दो बाइक सवार आ गए। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार बाइक को कुछ दूर तक घसीटती चली गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अलीगढ़ की ओर से एक कार सवार युवक रामघाट रोड स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए कार को मोड़ रहा था। इसी दौरान अलीगढ़ की ओर से ही आ रहे बाइक सवार कार की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक कार के नीचे फंस गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

आसपास मौजूद लोगों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार के नीचे फंसे बाइक सवार को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को हरदुआगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार चौपुर हौज के रहने वाले हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारण कुछ देर तक रामघाट रोड पर भी लोगों की भीड़ जुटी रही।