अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज कराने वाले एक लाभार्थी ने शेखर सर्राफ मेमोरियल हॉस्पिटल, आगरा रोड के खिलाफ उपचार के दौरान जांच, दवाओं और भोजन के नाम पर धनराशि लिए जाने तथा विभागीय निर्देश के बावजूद रकम वापस नहीं किए जाने की शिकायत की है। शिकायतकर्ता अविनाश कुमार शर्मा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) एवं आयुष्मान भारत के नोडल अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई और धनराशि वापस कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने अपने पिता के उपचार के दौरान आयुष्मान कार्ड का लाभ लिया था। आरोप है कि इसके बावजूद अस्पताल में जांचों, दवाओं और भोजन के नाम पर उनसे धनराशि ली गई। इस संबंध में जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या 92614300006841 दर्ज कराई गई थी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि मामले में सीएमओ कार्यालय की ओर से 30 सितंबर 2026 को पत्र संख्या मु०चि०अ०/आ०भा०/2026/11192 जारी कर अस्पताल प्रबंधन को प्रार्थी से संपर्क कर उपचार के दौरान जांचों और दवाओं में खर्च हुई धनराशि वापस करने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि आदेश जारी होने के दो सप्ताह से अधिक समय बाद भी अस्पताल प्रबंधन ने न तो शिकायतकर्ता से संपर्क किया और न ही कथित रूप से ली गई धनराशि वापस की।
मामले में कार्यालय स्तर पर हुई कथित लापरवाही का मुद्दा भी शिकायत में उठाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2026 के पत्र संख्या मु०चि०अ०/स्पष्टीकरण/2026/11946 से सामने आया कि शिकायत संख्या 92614300006841 के स्थान पर किसी अन्य संदर्भ संख्या की आख्या गलती से अपलोड कर दी गई थी। शिकायतकर्ता ने इसे गंभीर लिपिकीय त्रुटि बताते हुए सही आख्या तत्काल पोर्टल पर अपलोड करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने सीएमओ से अस्पताल के खिलाफ सरकारी निर्देशों की कथित अवहेलना पर कार्रवाई, आयुष्मान पैनल के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई तथा उपचार के दौरान ली गई पूरी धनराशि वापस कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित कर्मचारी की लापरवाही की जांच कर अनुशासनात्मक कार्रवाई और जनसुनवाई पोर्टल पर सही एवं अंतिम निस्तारण आख्या अपलोड कराने का अनुरोध किया है।
शिकायतकर्ता ने अपने प्रार्थना पत्र के साथ सीएमओ कार्यालय के पत्र, अस्पताल को जारी चेतावनी पत्र और संबंधित कर्मचारी को जारी स्पष्टीकरण पत्र की प्रतियां भी संलग्न की हैं| प्रकरण पर अस्पताल प्रबंधन का पक्ष जानने की कोशिश की लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

