अतरौली में बजरंग दल ने किया शस्त्र पूजन, धर्म और संस्कृति की रक्षा का लिया संकल्प
विजयादशमी अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है: ठाकुर केदार सिंह
अतरौली, अलीगढ़। बजरंग दल के तत्वावधान में अतरौली में विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रकाश कसेरा ने की, जबकि संचालन जिला सह-मंत्री महेश वर्मा ने किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने विजयादशमी एवं दुर्गा पूजा के धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता असीम शर्मा ने कहा कि विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने मां दुर्गा और महिषासुर के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि मां दुर्गा ने अत्याचार और आसुरी प्रवृत्तियों का अंत किया था। महिषासुर का वध करने के कारण ही मां दुर्गा को महिषासुरमर्दिनी कहा जाता है। इसी विजय की स्मृति में विजयादशमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
इस अवसर पर ब्रज प्रांत सुरक्षा प्रमुख ठाकुर केदार सिंह ने कहा कि विजयादशमी धर्म की अधर्म पर विजय का संदेश देती है। उन्होंने पर्व के महत्व को बताते हुए समाज में धर्म और संस्कृति के प्रति जागरूकता बनाए रखने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंजेश द्वारा शस्त्र पूजन किया गया। अध्यक्षीय संबोधन में प्रकाश कसेरा ने समाज में धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए सभी से जागरूक एवं संगठित रहने का आह्वान किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रकाश कसेरा, जिला मंत्री असीम शर्मा, जिला सह-मंत्री महेश वर्मा, जिला संयोजक मनोज राजपूत, जिला सह-संयोजक आकाश भारद्वाज, जिला गौ रक्षा प्रमुख विवेक राघव, जिला समरसता प्रमुख दीपक, जिला प्रचार प्रमुख दीपक, प्रखंड संयोजक विनोद, प्रखंड अध्यक्ष अनिल शर्मा, प्रखंड उपाध्यक्ष अनुज गौड़, प्रखंड विद्यार्थी प्रमुख आदित्य सैनी, प्रखंड बल उपासना प्रमुख दिनेश, प्रखंड प्रचार प्रमुख पवन, शरद गौड़, पारस, रोहित, हरदेव, जिला विस्तारक सागर चौहान, कमल सिंह, सुमित सोलंकी, विकास गौड़, यश और हिमांशु सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जारीकर्ता: बजरंग दल, अतरौली (अलीगढ़)

