नाबालिग से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में आरोपी गिरफ्तार, लापरवाही पर थाना प्रभारी निलंबित

Aligarh Media Desk


अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। जिले के जवां थाना क्षेत्र के बरौली गांव में नाबालिग लड़की के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी गणेश कुमार उर्फ गुड्डू निवासी सौगरा को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। इस मामले में पीड़िता के पिता की तहरीर पर 10 अक्टूबर 2026 को मुकदमा संख्या 392/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत कार्रवाई की है।


वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दी जानकारी

नाबालिग के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार से संबंधित वीडियो सामने आने के बाद जवां थाना पुलिस ने घटना के संबंध में स्पष्टीकरण जारी किया। पुलिस के अनुसार, यह घटना 10 अक्टूबर 2026 को जवां थाना क्षेत्र के बरौली गांव में हुई थी। घटना के दिन ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।


महिला सुरक्षा में लापरवाही पर थाना प्रभारी निलंबित

मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस सुरक्षा व्यवस्था न करने और पुलिस स्तर पर लापरवाही बरतने के संबंध में थाना प्रभारी जवां को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक नगर ने बयान जारी कर पुलिस की कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है और साक्ष्यों के आधार पर विवेचना जारी है। घटना को लेकर पुलिस प्रशासन ने महिला सुरक्षा के प्रति लापरवाही के मामले में संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई की है।