#Harduaganj: ट्रैक्टर हटाने को लेकर भिड़े दो पक्ष, जमकर चले लाठी-डंडे; दो दर्जन से अधिक घायल

प्रवीन कुमार, ब्यूरो चीफ अलीगढ़

अलीगढ मीडिया डिजिटल, हरदुआगंज। खान आलमपुर गांव में रास्ते में खड़े ट्रैक्टर को हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत चोटों के चलते अधिक गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, खान आलमपुर निवासी इंद्रवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रास्ते में खड़े ट्रैक्टर को हटाने को लेकर उनके छोटे बेटों की गांव के ही ट्रैक्टर चालक से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि ट्रैक्टर हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद बंटी और मोनी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे।

मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को चिकित्सीय परीक्षण एवं उपचार के लिए भेजा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।


रास्ते के विवाद ने बढ़ाया तनाव

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रास्ते में ट्रैक्टर खड़ा होने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। अचानक हुई मारपीट से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस अब घटना के दौरान मौजूद लोगों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।